Giridih : गिरिडीह नगर निगम चुनाव के बीच मेयर पद के प्रत्याशी डॉ शैलेन्द्र कुमार चौधरी के खिलाफ आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। इस कार्रवाई के बाद चुनावी माहौल में हलचल तेज हो गई है। नगर थाना प्रभारी ज्ञान रंजन ने मामले की पुष्टि की है।
एफएसटी सह पंचायत सचिव की शिकायत पर दर्ज हुई प्राथमिकी
जानकारी के अनुसार, एफएसटी (फ्लाइंग स्क्वॉड टीम) सह पंचायत सचिव कादिर अंसारी की शिकायत पर नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायत में कहा गया है कि नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहे हैं, यानी उम्मीदवार किसी राजनीतिक दल के नाम या प्रतीक का उपयोग नहीं कर सकते।
होर्डिंग और पोस्टर में पार्टी समर्थित होने का उल्लेख
प्राथमिकी में उल्लेख है कि डॉ. चौधरी ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान लगाए गए होर्डिंग, बैनर और पोस्टरों में खुद को एक राष्ट्रीय पार्टी का समर्थित उम्मीदवार बताया है। जबकि निर्दलीय चुनाव में किसी भी राजनीतिक दल का नाम, समर्थन या पहचान का प्रचार करना प्रतिबंधित है। इसे आदर्श आचार संहिता का सीधा उल्लंघन माना गया है।
प्रशासन ने शुरू की जांच
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है। चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत पूरे मामले की जांच की जा रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित प्रत्याशी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन सख्ती बरत रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आचार संहिता का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Also Read : JMM भाजपा के संपर्क में, कभी भी बना सकती है नयी सरकार : केएन त्रिपाठी


