Hazaribagh : हजारीबाग जिले के पदमा ओपी थाना क्षेत्र में गुरुवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। रांची-पटना मुख्य मार्ग पर इटखोरी मोड़ के पास दो मालवाहक ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ट्रकों में तुरंत आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद इंजन से चिंगारी निकली और कुछ ही सेकंड में आग फैल गई। देखते ही देखते दोनों ट्रक आग की लपटों में घिर गए। इस दौरान हाईवे पर अफरातफरी मच गई और सुरक्षा के लिहाज से यातायात रोक दिया गया।
एक ट्रक में कोल्ड ड्रिंक, दूसरे में स्पंज
जानकारी के अनुसार, एक ट्रक में भारी मात्रा में कोल्ड ड्रिंक लदा था, जबकि दूसरे ट्रक में स्पंज भरा हुआ था। आग लगने के बाद कोल्ड ड्रिंक वाला ट्रक पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को खबर दी। पदमा ओपी प्रभारी संचित दुबे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बरही से दमकल टीम को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बाल-बाल बचे चालक और सह-चालक
इस भीषण हादसे में राहत की बात यह रही कि दोनों ट्रकों के चालक और सह-चालक समय रहते बाहर निकलने में सफल रहे। इस कारण किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। आग लगने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर हाईवे पर आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई थी, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। बाद में स्थिति सामान्य होने पर पुलिस ने क्रेन की मदद से जले हुए वाहनों को हटाया। थाना प्रभारी के मुताबिक, फिलहाल वन-वे कर यातायात चालू कर दिया गया है और हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Also Read : चुनाव से पहले बढ़ी चौकसी, बोकारो में इंटरस्टेट चेक पॉइंट्स पर DC-SP का निरीक्षण


