Jamshedpur : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के टूइलाडुंगरी स्थित साईं मोटर्स के सेल-पर्चेस परिसर में गुरुवार तड़के अचानक एक खड़ी कार में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना सुबह करीब पांच बजे की बताई जा रही है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ।
धुएं और आग की लपटें देखकर जुटे लोग
स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह अचानक परिसर से धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही देर में कार आग की चपेट में आ गई। आग की तेज लपटें देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना गोलमुरी थाना पुलिस और दमकल विभाग को दी।सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार का अधिकांश हिस्सा जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था। आग इतनी तेज थी कि आसपास खड़े अन्य वाहनों तक इसके फैलने का खतरा बन गया था, लेकिन समय रहते आग बुझा ली गई।
तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका
फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा सके। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। सुबह-सुबह अचानक लगी आग को देखकर लोग घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर आग समय पर नहीं बुझाई जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
Also Read : बिजली-पानी संकट पर भाजपा का हल्लाबोल, मटका लेकर डीसी ऑफिस पहुंचे रघुवर-पर्णिमा


