Pakur ( Mitthu Yadav) : पाकुड़ के तलवाडांगा और नंदीपाड़ा इलाके में होली के दिन एक सनसनीखेज वारदात हुई। नगर थाना क्षेत्र में 44 साल के देवराज सरकार उर्फ निमुवा की दोपहर करीब 2:30 बजे चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। इस घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया और लोगों में डर फैल गया।
घात लगाए आठ से दस हमलावर
स्थानीय लोगों के अनुसार देवराज घर से चाय पीने बाहर निकले ही थे कि पहले से घात लगाए करीब आठ से दस लोगों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने उन्हें पकड़कर ताबड़तोड़ चाकू से हमला किया। जानकारी के मुताबिक उनकी पीठ पर तीन और सीने की ओर दो गहरे जख्म मिले हैं।
इलाज के दौरान मौत
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल देवराज को सदर अस्पताल पहुंचाया। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि अस्पताल लाने पर उनकी हालत बेहद नाजुक थी और इलाज शुरू होते ही देवराज की मौत हो गई।
रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद
मृतक के पिता मेघनाथ सरकार ने बताया कि हमलावरों की संख्या आठ से दस थी और उन्होंने कुछ लोगों की पहचान भी कर ली है। उनके बयान के आधार पर पुलिस को नाम उपलब्ध करा दिए गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि देवराज का कुछ लोगों से रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। पहले भी कहासुनी और झड़प हुई थी, लेकिन किसी ने यह उम्मीद नहीं की थी कि मामला इस हद तक जाएगा।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि अनुसंधान के बाद ही घटना में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
होली पर दहशत, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा
होली के त्योहार पर हुई इस निर्मम हत्या ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और सभी संभावित सुरागों की जांच कर रही है।
Also Read : रांची का नवदंपति दुबई में फंसा : खाड़ी में बढ़ते तनाव से उड़ानें रद्द, सुरक्षित वापसी का इंतजार

