Ranchi : दक्षिण पूर्व रेलवे ने रांची रेल मंडल में दो अहम अधिकारियों के पद में बदलाव किया है। इस संबंध में 26 मार्च को कोलकाता स्थित गार्डेन रीच मुख्यालय से आधिकारिक आदेश जारी किया गया। यह फैसला रेलवे के जनरल मैनेजर की मंजूरी के बाद लिया गया है। जारी आदेश के मुताबिक, अब तक सीनियर डिविजनल कमर्शियल मैनेजर (Sr. DCM/RNC) के पद पर कार्यरत शुचि सिंह को पोस्टिंग ऑफिसर/आरसीटी (PO/RCT/RNC) बनाया गया है। वहीं, इस पद पर पहले से तैनात श्रेया सिंह को अब सीनियर डिविजनल कमर्शियल मैनेजर (Sr. DCM/RNC) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यानी दोनों अधिकारियों के बीच सीधे तौर पर पदों की अदला-बदली की गई है।
सीबीआई कार्रवाई के बाद हुआ बदलाव
मालूम हो कि हाल ही में हटिया स्थित मंडल रेल प्रबंधक (DRM) कार्यालय में सीबीआई की टीम ने छापेमारी की थी। इस दौरान रेलवे के चीफ कमर्शियल इंस्पेक्टर हिमांशु शेखर को 50 हजार रुपये घूस लेते गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में सीनियर डीसीएम शुचि सिंह से भी पूछताछ की गई थी, जिसके बाद पूरे मंडल में हलचल मच गई थी। सीबीआई कार्रवाई के बाद रेलवे प्रशासन ने त्वरित कदम उठाते हुए रांची रेल मंडल में तैनात प्रमुख अधिकारियों के कार्यभार में बदलाव किया है। इसे प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।
Also Read : धनबाद कोर्ट और रांची डीसी ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, हाई अलर्ट पर पुलिस


