Jamshedpur : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना इलाके में चैंबर ऑफ कॉमर्स के पास स्थित एक नेपाली होटल में शनिवार भोरे-भोर भीषण आग लग गई। सुबह करीब चार बजे लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। इसी दौरान होटल में रखा गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक होटल में रखा पूरा सामान जलकर राख हो चुका था। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास की दुकानों और इमारतों तक खतरा पहुंच गया था।
शुरुआती आकलन के मुताबिक इस आगलगी में करीब डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल या हताहत होने की खबर नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो सिलेंडर ब्लास्ट की वजह से बड़ा हादसा हो सकता था।
बताया जा रहा है कि यह नेपाली होटल लंबे समय से अतिक्रमित जमीन पर संचालित हो रहा था और इलाके में काफी मशहूर था। खासकर यहां मिलने वाला मटन लोगों के बीच काफी पसंद किया जाता था, जिस वजह से दूर-दूर से ग्राहक यहां खाने पहुंचते थे। फिलहाल बिष्टुपुर थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या गैस रिसाव की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अभी तक आधिकारिक तौर पर किसी कारण की पुष्टि नहीं हुई है।
Also Read : देवघर में नशे के सौदागरों को तीखी चोट, बिहार-झारखंड के 6 तस्कर 20 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार


