Ranchi : पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के एसएसपी पीयूष पाण्डेय एवं सरायकेला-खरसावां के एसपी निधि द्विवेदी को विधि-व्यवस्था बनाए रखने में विफलता तथा आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में लापरवाही के कारण तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटाकर पुलिस मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। इस संबंध में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्वयं सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जानकारी दी। विष्णुपुर में पुलिस की मौजूदगी में हत्या के बाद जमशेदपुर पुलिस की भूमिका सवालों के घेरे में है।
मुख्यमत्री में आगे कहा कि चाईबासा के आयुक्त एवं रांची के एडीजी मनोज कौशिक को क्षेत्र में लगातार कैंप कर स्थिति की प्रतिदिन समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, डीआईजी कोल्हान अनुरंजन किस्पोट्टा जमशेदपुर में रहकर कानून-व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई होगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही या जवाबदेही से बचने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

