Ranchi : झारखंड सरकार उच्च शिक्षा को डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। राज्य के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में अब पढ़ाई के लिए Physics Wallah, edX, Unacademy जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म को भी जोड़ा जाएगा। इसके साथ ही पहले चरण में 100 कॉलेजों में स्मार्ट क्लासरूम तैयार किए जाएंगे।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म को मिलेगी मान्यता
उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने योजना तैयार की है, जिसके तहत छात्रों को पारंपरिक पढ़ाई के साथ डिजिटल विकल्प भी मिलेंगे। स्वयं पोर्टल की सामग्री के अलावा थर्ड पार्टी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से भी पढ़ाई की सुविधा दी जाएगी।
100 कॉलेजों में बनेंगे स्मार्ट क्लासरूम
पहले चरण में इस वित्तीय वर्ष के भीतर 100 कॉलेजों में डिजिटल क्लासरूम बनाए जाएंगे। राजकीय विश्वविद्यालयों के विभागों और अंगीभूत कॉलेजों में आधुनिक सुविधाओं से लैस कक्षाएं तैयार की जाएंगी, जिससे पढ़ाई को आसान और इंटरैक्टिव बनाया जा सके।
हर विश्वविद्यालय में बनेगा डिजिटल स्टूडियो
डिजिटल लर्निंग को मजबूत करने के लिए सभी राजकीय विश्वविद्यालयों में एक-एक डिजिटल स्टूडियो स्थापित किया जाएगा। यहां वीडियो लेक्चर तैयार होंगे और ऑनलाइन क्लास की सुविधा भी मिलेगी। यह व्यवस्था एक तरह से “सिंगल स्टॉप” प्लेटफॉर्म के रूप में काम करेगी।
जनजातीय भाषाओं पर भी फोकस
राज्य सरकार जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषाओं में डिजिटल सामग्री तैयार करने पर भी जोर दे रही है। इसके लिए संबंधित शिक्षकों को प्रोत्साहन राशि देने का प्रस्ताव तैयार किया गया है, ताकि इन विषयों में भी गुणवत्तापूर्ण कंटेंट तैयार हो सके।
पुस्तकालय बनेंगे डिजिटल लाइब्रेरी
विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के पुस्तकालयों को भी डिजिटल रूप में अपग्रेड किया जाएगा। पुरानी किताबों को डिजिटल फॉर्मेट में उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे छात्र ऑनलाइन भी इनका उपयोग कर सकें।
ऑनलाइन अटेंडेंस सिस्टम होगा अनिवार्य
शिक्षकों, कर्मियों और छात्रों की उपस्थिति के लिए डिजिटल बायोमेट्रिक सिस्टम को मजबूत किया जाएगा। सभी संस्थानों में इसे अनिवार्य किया जाएगा, जिससे उपस्थिति की ऑनलाइन निगरानी और ट्रैकिंग संभव हो सके।
Also Read : कोयला माफिया का दुस्साहस: धनबाद में स्पेशल ब्रांच के सब इंस्पेक्टर और पत्नी से मारपीट

