Dhanbad : धनबाद के नावाडीह इलाके में बिरसा मुंडा पार्क के पास महाकेश्वर कॉम्पलेक्स स्थित किडनी केयर हॉस्पिटल के संचालक डॉ. मिहिर कुमार को जान से मारने की धमकी वाला पत्र मिला है। धमकी भरा यह पत्र क्लिनिक की आईसीयू के बाहर चिपका हुआ था, जिसे देखकर इलाके में सनसनी फैल गई।
कर्मियों ने देखा, डॉक्टर पहुंचे तुरंत
हॉस्पिटल के कर्मचारियों में सबसे पहले असलम नाम के कर्मचारी ने यह पत्र देखा। उसने इसकी तस्वीर लेकर व्हाट्सऐप पर डॉ. मिहिर को भेजी। सूचना मिलते ही डॉ. मिहिर तुरंत क्लिनिक पहुंचे और खुद आईसीयू के बाहर वह धमकी भरा पत्र देखा। पत्र में हत्या की खुलेआम धमकी दी गई थी और पुलिस अधिकारियों का भी जिक्र किया गया था। डॉ. मिहिर का कहना है कि पत्र की भाषा बेहद गंभीर और डराने वाली थी।
पत्र में लिखी गई धमकी
पत्र में लिखा था, “डॉक्टर, तुम्हारी किस्मत अच्छी है। उस दिन ग्रुप में होने की वजह से बच गए, नहीं तो गोली मार देता। जिस तरह नीरज की हत्या हुई है, उसी तरह मारूंगा। इसे हल्के में मत लेना। जितना जीना है, जी लो, 4 तारीख को मार दूंगा।” इसके नीचे अंग्रेजी में “kill” शब्द भी लिखा गया था। डॉ. मिहिर ने बताया कि पत्र की भाषा से साफ पता चलता है कि यह कोई सामान्य धमकी नहीं है। भेजने वाला व्यक्ति आपराधिक प्रवृत्ति का है और पूरी योजना के तहत डराने की कोशिश कर रहा है।

डॉ. मिहिर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई
डॉ. मिहिर कुमार ने धनबाद थाने में लिखित शिकायत देकर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस से अपनी और हॉस्पिटल कर्मचारियों की सुरक्षा की मांग की। उनका कहना है कि यह धमकी रंगदारी वसूली या किसी अन्य आपराधिक उद्देश्य से दी गई हो सकती है।
पुलिस ने मामले में शुरू की जांच
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। हॉस्पिटल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि पत्र चिपकाने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
Also Read : धनबाद पुलिस का एक्शन प्लान, 4000 जमानती संदिग्धों पर 24 घंटे सर्विलांस

