Jamtara : राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह गोड्डा जिला प्रभारी हरिमोहन मिश्रा ने उन पर सामाजिक समरसता बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है। रविवार को जामताड़ा स्थित अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में हरिमोहन मिश्रा ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों के माध्यम से इस तरह के बयान देते हैं, जिससे अलग-अलग समुदायों की भावनाएं आहत होती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए धर्म और समाज से जुड़े मुद्दों पर अनावश्यक बयानबाजी करते रहते हैं।
उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार पद पर रहते हुए मंत्री को अपने शब्दों का चयन सावधानी से करना चाहिए, क्योंकि उनके बयान का समाज पर व्यापक असर पड़ता है। मिश्रा ने आरोप लगाया कि मंत्री कभी एक समुदाय के हितैषी बनने की कोशिश करते हैं तो कभी दूसरे समुदाय के, लेकिन उनके बयानों से सभी वर्गों में असंतोष की स्थिति बनती है।
हरिमोहन मिश्रा ने यह भी कहा कि राजनीति में रहते हुए किसी भी धर्म या समुदाय का मजाक नहीं उड़ाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा भी लंबे समय से राजनीति कर रही है, लेकिन कभी किसी धर्म विशेष के खिलाफ बयान नहीं दिया गया। प्रेस वार्ता में मौजूद भाजपा नेता अब्दुल रकीब रहमानी ने भी स्वास्थ्य मंत्री के बयानों को आपत्तिजनक बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह की बयानबाजी से समाज में गलत संदेश जाता है और इससे बचना चाहिए। अंत में हरिमोहन मिश्रा ने राज्य सरकार से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि राज्य में सामाजिक सौहार्द बना रहे।
Also Read : हजारीबाग पुलिस ने टीएसपीसी के 8 उग्रवादियों को दबोचा, हथियार और गोलियां बरामद

