Ranchi : स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को नेपाल हाउस स्थित कार्यालय में मेरील कंपनी द्वारा लैब इंफॉर्मेशन सिस्टम का प्रस्तुतीकरण किया गया। बैठक में अजय कुमार सिंह ने कहा कि राज्य की लैब सेवाओं को अब आधुनिक तकनीक से जोड़ा जाएगा। नई व्यवस्था लागू होने के बाद मरीजों को अपनी जांच रिपोर्ट मोबाइल नंबर के जरिए सीधे मिल सकेगी। इस सिस्टम को मेडिकल कॉलेज से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। साथ ही इसे विभाग के मौजूदा हॉस्पिटल मैनेजमेंट इंफॉर्मेशन सिस्टम से भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से न सिर्फ समय की बचत होगी, बल्कि सेवाओं में पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
अपर सचिव विद्यानंद शर्मा ने बताया कि नई प्रणाली लागू होने से जांच कार्यों की निगरानी आसान हो जाएगी। कितने मरीजों की जांच हुई, किस तरह की जांच की गई और अलग-अलग जांचों का आंकड़ा अब रियल टाइम में देखा जा सकेगा। इसके अलावा लैब में उपलब्ध रिएजेंट्स की स्थिति पर भी नजर रखना आसान होगा, जिससे समय पर खरीद संभव होगी और संसाधनों की बर्बादी रुकेगी।
बैठक में मेरील कंपनी के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि यह सॉफ्टवेयर विभाग को मुफ्त में उपलब्ध कराया जाएगा। इसे एचएमआईएस के साथ-साथ ई-सुश्रुत सिस्टम से भी जोड़ा जाएगा। कंपनी ने पहले ही सीएचसी और पीएचसी स्तर पर ऑटो और सेमी-ऑटो एनालाइजर मशीनें उपलब्ध कराई हैं, जिन्हें भी इस प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा। साथ ही अन्य कंपनियों की मशीनों को भी इस सिस्टम से कनेक्ट किया जा सकेगा। बैठक में विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और मेरील कंपनी के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Also Read : झामुमो के जमशेदपुर और गुमला जिला समितियों का गठन, संगठन विस्तार का निर्देश


