Giridih : झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने राज्य के छात्रों और युवाओं के अधिकारों की रक्षा तथा लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर गुरुवार को ‘छात्र अधिकार पदयात्रा’ की शुरुआत की। यह पदयात्रा डुमरी के चिरैया मोड़, गिरिडीह से शुरू हुई, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और छात्र मौजूद थे। डुमरी विधायक जयराम महतो ने पदयात्रा को रवाना किया।
पदयात्रा डुमरी से बगोदर, बिष्णुगढ़, हजारीबाग और रामगढ़ होते हुए रांची पहुंचेगी और 9 दिसंबर को विधानसभा धरना स्थल में विशाल जनसभा के साथ संपन्न होगी। इस कार्यक्रम में राज्यभर के छात्र और युवा शामिल होंगे। आयोजकों ने बताया कि इस पदयात्रा के माध्यम से छात्रों की लंबित छात्रवृत्ति का भुगतान, जेपीएससी, जेएसएससी और जे-टेट की लंबित परीक्षाओं के परिणाम शीघ्र जारी करने, हर साल नियमित परीक्षा कैलेंडर लागू करने और राज्य के सरकारी रिक्त पदों पर जल्द नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की मांग की जाएगी।

डुमरी विधायक जयराम महतो ने कहा कि राज्य के छात्र और युवा लंबे समय से उपेक्षा का सामना कर रहे हैं, इसलिए जरूरत पड़ने पर यह संघर्ष और तेज किया जाएगा।
Also Read : JMM आज विधानसभा सत्र को लेकर करेगा बैठक


