दुमका : पंचायत चुनाव लड़ने के बाद खर्च का ब्योरा नहीं देना दुमका के छह प्रत्याशियों को महंगा पड़ गया. राज्य निर्वाचन आयोग ने इन सभी पर तीन साल तक चुनाव लड़ने पर रोक लगा दी है. ये प्रत्याशी सरैयाहाट, रामगढ़, काठीकुंड, जामा, रानेश्वर और शिकारीपाड़ा प्रखंड के रहने वाले हैं.
आयोग के मुताबिक, इन छह लोगों ने 2022 के पंचायत चुनाव में हिस्सा लिया था, लेकिन चुनाव में कितने पैसे खर्च किए, इसका हिसाब जमा नहीं किया. आयोग ने उन्हें अपना पक्ष रखने का मौका भी दिया, लेकिन वे खर्च का ब्योरा नहीं देने की कोई ठोस वजह नहीं बता सके.
आयोग की सूची में सरैयाहाट से जियावर सिंह, रामगढ़ से सुलोचना देवी, काठीकुंड से उषा देहरी, जामा से अभिजीत मरांडी, रानेश्वर से गणेश सोरेन और शिकारीपाड़ा से शांति सोरेन के नाम शामिल हैं.
तीन साल तक नहीं लड़ सकेंगे चुनाव
आयोग के आदेश के अनुसार, इन छह लोगों को अगले तीन साल तक पंचायत चुनाव ही नहीं, बल्कि नगर निकायों का चुनाव लड़ने से भी रोक दिया गया है. यह रोक आदेश जारी होने की तारीख से लागू होगी.
राज्य निर्वाचन आयोग ने 6 नवंबर को यह आदेश जारी किया था. 26 नवंबर को इसे झारखंड गजट में प्रकाशित किया गया. दुमका के जिला निर्वाचन पदाधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर यह फैसला लिया गया है.
No comments yet. Be the first to comment!