रांची : परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर केंद्र सरकार के नए प्रस्ताव के बीच झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) आज अपना रुख तय कर सकती है. मुख्यमंत्री और पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने 28 नवंबर को मुख्यमंत्री आवास में पार्टी सांसदों की बैठक बुलाई है. बैठक में केंद्र के प्रस्तावित परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों के राजनीतिक, संवैधानिक और झारखंड पर पड़ने वाले प्रभावों पर चर्चा होगी.
JMM अब तक परिसीमन को लेकर समर्थन या विरोध में खुलकर सामने नहीं आई है. पार्टी का कहना है कि प्रस्ताव के प्रावधानों को देखने और उसके प्रभाव का आकलन करने के बाद ही फैसला लिया जाएगा. ऐसे में आज की बैठक में पार्टी अपना रुख स्पष्ट कर सकती है. खासकर झारखंड में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों के भविष्य को लेकर पार्टी की चिंता अहम मानी जा रही है.
33 फीसदी महिला आरक्षण के साथ सीटें बढ़ाने की तैयारी
केंद्र सरकार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारी में है. इसके लिए परिसीमन को आधार बनाया जा रहा है. 2023 में संसद से पारित नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत महिलाओं को एक-तिहाई सीटें आरक्षित करने का प्रावधान है, लेकिन इसके लागू होने की प्रक्रिया को जनगणना और परिसीमन से जोड़ा गया था.
अब केंद्र सरकार इस प्रक्रिया में बदलाव करते हुए नए प्रस्ताव पर आगे बढ़ रही है. 27 नवंबर को केंद्रीय कैबिनेट ने नए प्रस्ताव को मंजूरी दी है. इसके तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में मौजूदा सीटों की संख्या में 50 फीसदी बढ़ोतरी का फॉर्मूला रखा गया है. सरकार का उद्देश्य सीटों की संख्या बढ़ाकर महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करना है.
अप्रैल का प्रस्ताव नहीं हो सका था पारित, अब पुराने ड्राफ्ट की जगह नया विधेयक
इस साल अप्रैल में केंद्र सरकार महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर संविधान संशोधन विधेयक लेकर आई थी. हालांकि, संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में जरूरी दो-तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर सका और पारित नहीं हुआ. इसके बाद उससे जुड़े परिसीमन विधेयक को भी आगे नहीं बढ़ाया गया.
अब केंद्र पुराने प्रस्ताव की जगह संशोधित प्रावधानों के साथ नए विधेयक लाने की तैयारी में है. नए प्रस्ताव में सीटों की संख्या में 50 फीसदी बढ़ोतरी के साथ राज्यों के प्रतिनिधित्व के मौजूदा अनुपात को सुरक्षित रखने की व्यवस्था पर जोर दिया गया है. इससे परिसीमन के बाद किसी राज्य के संसद में प्रतिनिधित्व के हिस्से में दूसरे राज्यों की तुलना में कमी न आए, यह सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है.
झारखंड में आदिवासी आरक्षित सीटों को लेकर चिंता
झारखंड में परिसीमन का मुद्दा खास संवेदनशील रहा है. 2007 के परिसीमन के दौरान राज्य में अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित विधानसभा सीटों की संख्या 28 से घटाकर 22 करने का प्रस्ताव आया था. वहीं लोकसभा की आरक्षित सीटों को पांच से चार करने की आशंका भी जताई गई थी. इसका राज्य में विरोध हुआ था और झारखंड में परिसीमन लागू नहीं हो सका.
अब नए परिसीमन प्रस्ताव के बीच फिर आदिवासी राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर चिंता उठ रही है. JMM सांसदों और नेताओं की ओर से भी कहा गया है कि पार्टी किसी फैसले से पहले यह देखेगी कि प्रस्ताव से झारखंड के हित और अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीटों पर क्या असर पड़ सकता है.
No comments yet. Be the first to comment!