जोहार लाइव ब्यूरो
झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर बड़ी खबर है. चुनाव आयोग ने राज्य में SIR की समयसीमा बढ़ा दी है. आयोग ने संशोधित कार्यक्रम जारी करते हुए दावे और आपत्तियों के निपटारे के लिए अब 15 दिसंबर तक का समय दिया है. वहीं, अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन अब 22 दिसंबर को किया जायेगा. इससे पहले अंतिम मतदाता सूची जारी करने के लिए 30 नवंबर की तारीख तय की गयी थी.
चुनाव आयोग ने बुधवार को इस संबंध में झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय को जानकारी दी. संशोधित कार्यक्रम के तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और विवरण में सुधार से जुड़े दावे और आपत्तियों के निपटारे की अवधि बढ़ा दी गयी है. इससे SIR की प्रक्रिया में जुटे अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित काम पूरा करने के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा.
झारखंड समेत 7 राज्यों में बढ़ी समयसीमा
चुनाव आयोग ने केवल झारखंड ही नहीं, बल्कि छह अन्य राज्यों में भी SIR की समयसीमा बढ़ाने का फैसला लिया है. इनमें महाराष्ट्र, दिल्ली, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, नागालैंड और हरियाणा शामिल हैं. इन सभी राज्यों में अब मतदाता सूची पुनरीक्षण का काम संशोधित कार्यक्रम के अनुसार पूरा किया जायेगा. आयोग के इस फैसले से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने या किसी तरह का सुधार कराने की प्रक्रिया के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा.

