Ranchi : राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू द्वारा लगाए गए आरोपों पर राजद ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। राजद के राष्ट्रीय महासचिव भोला प्रसाद यादव ने कहा कि के. राजू को राजद पर आरोप लगाने से पहले आत्ममंथन करना चाहिए और यह देखना चाहिए कि उनके दल में कहां चूक हुई है। रांची स्थित राजद प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भोला यादव ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में वे स्वयं चुनाव अभिकर्ता थे और राजद के सभी विधायकों ने उन्हें दिखाकर मतदान किया। उन्होंने कहा कि के. राजू का बयान पूरी तरह बेबुनियाद, मनगढ़ंत और तथ्यों से परे है।
राजद ने हमेशा महागठबंधन धर्म का पालन किया
भोला यादव ने कहा कि राजद ने हमेशा महागठबंधन धर्म का पालन किया है और आगे भी गठबंधन के साथ खड़ा रहेगा। लालू प्रसाद यादव ने अपने राजनीतिक जीवन में कभी सांप्रदायिक ताकतों से समझौता नहीं किया और हमेशा अपने सिद्धांतों पर कायम रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को अनर्गल बयानबाजी से बचना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि राजद किसी के सहारे राजनीति नहीं करती, बल्कि उसका अपना मजबूत जनाधार और स्वतंत्र राजनीतिक पहचान है। प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव, मंत्री संजय प्रसाद यादव, विधायक नरेश प्रसाद सिंह समेत कई नेता मौजूद थे।
Also Read : जामताड़ा में तीन साइबर ठग चढ़े पुलिस के हत्थे, 9 मोबाइल और 22 सिम कार्ड बरामद

