Ranchi : पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर झारखंड पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। झारखंड के 10 जिले पश्चिम बंगाल की सीमा से जुड़े हुए हैं, ऐसे में यहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खास तैयारी की जा रही है। इन जिलों में अस्थायी चौकियां (चेक पोस्ट) स्थापित कर सघन निगरानी की जाएगी।
किन जिलों पर रहेगा खास फोकस
पुलिस मुख्यालय की ओर से जिन जिलों को संवेदनशील माना गया है, उनमें साहिबगंज, पाकुड़, दुमका, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची, सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम शामिल हैं। इन सभी जिलों में पुलिस को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
त्योहारों के बाद बनेगी नई रणनीति
सूत्रों के मुताबिक, ईद, सरहुल और रामनवमी के बाद झारखंड और पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती जिलों के अधिकारियों के बीच एक अहम बैठक होगी। इस बैठक में चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए नई रणनीति तैयार की जाएगी। इससे पहले एक दौर की बैठक हो चुकी है।
अंतरराज्यीय अपराधियों पर सख्त नजर
चुनाव के दौरान अपराधियों की गतिविधियों को रोकने के लिए झारखंड और बंगाल पुलिस मिलकर काम करेगी। दोनों राज्यों की पुलिस अंतरराज्यीय अपराधियों, फरार वारंटियों और संदिग्ध लोगों की जानकारी एक-दूसरे से साझा करेगी, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
सीमा पर चेक पोस्ट, हर गतिविधि पर नजर
झारखंड-बंगाल सीमा पर कई अस्थायी चेक पोस्ट बनाए जाएंगे। यहां संदिग्ध वाहनों, व्यक्तियों और गतिविधियों की सघन जांच होगी। खासतौर पर इन बातों पर नजर रखी जाएगी:
- नशीले पदार्थों की तस्करी
- अवैध शराब की सप्लाई
- वोट के बदले पैसे (वोट फॉर नोट)
- काले धन का परिवहन
चुनाव आयोग के निर्देशों पर सख्ती
पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देश भेज दिए हैं। अधिकारियों को साफ निर्देश दिया गया है कि चुनाव को प्रभावित करने के लिए इस्तेमाल होने वाले काले धन पर कड़ी नजर रखें। अगर कहीं बड़ी मात्रा में नकदी बरामद होती है, तो उसकी जांच के लिए आयकर विभाग की भी मदद ली जाएगी।
शांतिपूर्ण चुनाव पर फोकस
झारखंड पुलिस का कहना है कि उनका मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती इलाकों में शांति बनाए रखना और चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाना है। इसके लिए हर स्तर पर निगरानी और समन्वय बढ़ाया जा रहा है।
Also Read : SBI घोटाला : 5.40 करोड़ की धोखाधड़ी में ED का बड़ा एक्शन, 97.92 लाख की संपत्ति जब्त


