Ranchi : राजधानी रांची समेत झारखंड के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। गुरुवार देर शाम हुई हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाओं ने जहां गर्मी से राहत दी, वहीं तापमान में गिरावट आने से एक बार फिर ठंड का अहसास बढ़ गया है। 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने मौसम को पूरी तरह बदल दिया।
बूंदाबांदी और तेज हवा से बदला मौसम
रांची और आसपास के इलाकों में अचानक मौसम ने रंग बदला। शाम के वक्त तेज हवा के साथ हल्की बारिश शुरू हो गई। इससे दिनभर की उमस और गर्मी से लोगों को राहत तो मिली, लेकिन मौसम का मिजाज ठंडा हो गया। कई जगहों पर लोग हल्के गर्म कपड़ों में नजर आए।
कई जिलों में तेज आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने 20 मार्च के लिए राज्य के कई हिस्सों में गंभीर मौसम की चेतावनी जारी की है। उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, गिरिडीह, जामताड़ा और साहिबगंज के साथ-साथ रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, गुमला, खूंटी, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में तेज हवा, मेघगर्जन और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। यहां 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।
दक्षिण और पश्चिमी झारखंड में ऑरेंज अलर्ट
पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार के साथ-साथ पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां में भी मौसम को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इन इलाकों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और बिजली गिरने की आशंका के चलते ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।
21 मार्च को भी रहेगा असर
मौसम विभाग के मुताबिक 21 मार्च को भी राज्य के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन और तेज हवा का असर रहेगा। इस दिन 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी। इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटे का मौसम ऐसा रहा
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 22 और 23 मार्च को आसमान ज्यादातर साफ रहेगा और मौसम शुष्क हो जाएगा। फिलहाल 20 और 21 मार्च तक बादल, बारिश और तेज हवा का असर बना रहेगा।
राजधानी रांची का तापमान अनुमान
20 मार्च: अधिकतम 31°C, न्यूनतम 19°C
21 मार्च: अधिकतम 30°C, न्यूनतम 17°C
22 मार्च: अधिकतम 31°C, न्यूनतम 17°C
23 मार्च: अधिकतम 33°C, न्यूनतम 18°C


