जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने केनरा बैंक में बड़ी डकैती को अंजाम दिया. करीब 5-6 की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने हथियार के बल पर बैंककर्मियों को बंधक बना लिया. इसके बाद बैंक के चेस्ट में रखे 42 लाख रुपये से ज्यादा नकद और लॉकर में रखे भारी मात्रा में स्वर्णाभूषण लूटकर फरार हो गए.
वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बैंक परिसर की जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. अपराधियों की तस्वीरें और उनकी गतिविधियां सीसीटीवी में कैद हुई हैं, जिसके आधार पर उनकी पहचान की कोशिश की जा रही है.
पुलिस ने बैंककर्मियों और मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है. अपराधी किस रास्ते से बैंक पहुंचे और वारदात के बाद किस दिशा में भागे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है. लूटे गए सोने की कीमत और कुल रकम का भी आकलन किया जा रहा है.
सीसीटीवी में कैद हुए अपराधी
बैंक में हुई पूरी वारदात के बाद पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के जरिए अपराधियों तक पहुंचने में जुटी है. फुटेज में अपराधियों की गतिविधियां कैद हुई हैं. पुलिस ने फुटेज को जांच के लिए कब्जे में लिया है.
Also Read : जमुई छेड़खानी मामला : मुख्य आरोपी नंदन यादव का पुलिस एनकाउंटर, पैर में लगी गोली; अब तक 6 गिरफ्तार

