Ranchi : झारखंड सरकार के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मंगलवार को उन्हें रांची के सेंटेविटा अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत खराब होने की खबर मिलते ही राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ गई। जानकारी के अनुसार, मंत्री हाल ही में पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के लिए गए थे। वहां से लौटने के बाद उनकी तबीयत खराब हो गई। रविवार को वे पश्चिम बंगाल से मेदिनीनगर, पलामू पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने की सूचना सामने आई।
पलामू से रांची लौटने के बाद बढ़ी परेशानी
सोमवार शाम मंत्री पलामू से रांची लौट आए, लेकिन रात में उनकी हालत और ज्यादा बिगड़ गई। इसके बाद मंगलवार सुबह उन्हें रांची स्थित सेंटेविटा अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही है। फिलहाल उनकी सेहत को लेकर कोई आधिकारिक ताजा अपडेट जारी नहीं किया गया है। डॉक्टर जरूरी मेडिकल जांच कर रहे हैं, ताकि बीमारी की सही वजह पता चल सके और समय पर इलाज किया जा सके।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी
वित्त मंत्री के अस्वस्थ होने की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने डॉक्टरों से राधाकृष्ण किशोर की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री की इस मुलाकात को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा रही।
बैठक के दौरान भी दिखे थे अस्वस्थ
बताया गया कि पलामू दौरे के दौरान सोमवार को मंत्री ने परिसदन में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अभियंताओं के साथ पेयजल समस्या के समाधान को लेकर बैठक की थी। इसी बैठक के दौरान वे अस्वस्थ नजर आ रहे थे। जब अधिकारियों और सहयोगियों ने उनकी तबीयत के बारे में पूछा, तो उन्होंने लूज मोशन की शिकायत बताई थी। मेदिनीनगर में चिकित्सक डॉ. आर.के. रंजन ने उनका प्राथमिक उपचार किया था, लेकिन बाद में हालत बिगड़ने पर उन्हें रांची रेफर कर दिया गया।
भीषण गर्मी को भी माना जा रहा कारण
पलामू सहित आसपास के इलाकों में इन दिनों तेज गर्मी और लू का असर बना हुआ है। तापमान करीब 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। ऐसे में आम लोगों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों पर भी इसका असर पड़ रहा है। संभावना जताई जा रही है कि अत्यधिक गर्मी, लगातार दौरा और व्यस्त कार्यक्रमों की वजह से मंत्री की तबीयत प्रभावित हुई हो। फिलहाल समर्थक और शुभचिंतक उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
Also Read : “राज्यपाल साहेब हैं”… सीट बेल्ट चेकिंग में पकड़ाते ही ड्राइवर ने पुलिस को दी गवर्नर की धमकी, दो हिरासत में


