Pakur : पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए झारखंड के पाकुड़ जिले में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। झारखंड-बंगाल बॉर्डर को सील कर दिया गया है और हर आने-जाने वाले वाहन की सख्ती से जांच की जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीम चौक-चौराहों और चेकपोस्ट पर मुस्तैद है।
चेकपोस्ट पर बढ़ाई गई सुरक्षा
सीमावर्ती इलाकों में अस्थायी चेकपोस्ट बनाकर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। पुलिस के साथ मजिस्ट्रेट भी तैनात हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई हो सके। खास तौर पर अवैध शराब, नकदी और हथियारों की तस्करी पर नजर रखी जा रही है।दरअसल, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर सुरक्षा एजेंसियां कोई ढिलाई नहीं बरतना चाहतीं। चुनाव के दौरान अक्सर बाहरी तत्वों की आवाजाही बढ़ जाती है, जिसे रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।
आवाजाही जारी, लेकिन सख्त जांच के साथ
हालांकि बॉर्डर सील है, लेकिन जरूरी सेवाओं और आम लोगों की आवाजाही पूरी तरह बंद नहीं की गई है। जरूरी दस्तावेज दिखाने के बाद ही लोगों को आने-जाने की अनुमति दी जा रही है। इससे लोगों को थोड़ी परेशानी जरूर हो रही है, लेकिन सुरक्षा के लिहाज से इसे जरूरी बताया जा रहा है।
प्रशासन का साफ संदेश
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा। किसी भी तरह की गड़बड़ी या अवैध गतिविधि को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों से भी सहयोग की अपील की है। साथ ही कहा है कि अगर कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
Also Read : चंद्रपुरा थर्मल प्लांट में मजदूरों का आंदोलन तेज, अनिश्चितकालीन अनशन की शुरुआत


