रांची में छात्रों के विधानसभा घेराव के दौरान हुए हंगामे और पुलिस कार्रवाई को लेकर रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री और SSP राकेश रंजन ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस की. प्रशासन के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान 14 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिनमें एक पुलिसकर्मी की हालत गंभीर है.
डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि छात्रों के प्रदर्शन की आड़ में कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की. प्रशासन पूरे घटनाक्रम की वीडियो फुटेज के आधार पर जांच करेगा और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
डीसी और SSP ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों और पुलिस की ओर से काफी हद तक संयम बरता गया, लेकिन कुछ लोग लगातार छात्रों को भड़काने का प्रयास करते रहे. प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
प्रशासन ने प्रदर्शन में शामिल छात्रों से घर लौटने की अपील भी की है. डीसी ने कहा कि यदि किसी छात्र को घर जाने में परेशानी हो रही है तो वह जिला प्रशासन को इसकी जानकारी दे सकता है. ऐसे छात्रों के लिए प्रशासन की ओर से वाहन की व्यवस्था की जाएगी.
झारखंड बंद पर प्रशासन की नजर
झारखंड बंद को लेकर भी रांची डीसी ने स्पष्ट संदेश दिया. उन्होंने कहा कि बंद शांतिपूर्ण तरीके से किया जाए. किसी तरह की गड़बड़ी, हिंसा या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी. प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.
Also Read :JPSC प्रकरण: एल. ख्यागते को मेडिकल जांच के बाद भेजा गया जेल




