Giridih (Goswami Naresh Nath) : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झगरी बस्ती में गोलीकांड की घटना में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार जब्त किया है। गिरिडीह SP डॉ बिमल कुमार को 2 दिसंबर को शाम लगभग 5:30 बजे सूचना मिली कि खुर्शीद अंसारी नामक व्यक्ति को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी है।
छापेमारी दल का गठन
वारदात की सूचना मिलने के तुरंत बाद SP ने सदर SDPO जीतबाहन उरांव की देखरेख में एक टीम का गठन किया गया। मानवीय सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 12 घंटे के भीतर मुख्य अभियुक्त मो. जाकिर अंसारी उर्फ जग्गू (20 वर्ष) और उनके चार सहयोगियों को गिरफ्तार किया गया। मुख्य अभियुक्त के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार भी जब्त किया गया। पुलिस ने गिरफ़्तार आरोपियों के पास से 7.65 बोर के 2 खोखे, एक कंट्री मेड पिस्टल, 4 मोबाइल फोन और 1 बाइक सहित अन्य सामान ज़ब्त किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों में मो. जाकिर अंसारी उर्फ जग्गू, मो. फैयाज अंसारी उर्फ छोटू अंसारी, मो. रूस्तम अंसारी उर्फ बब्लू अंसारी, मो. इरशाद अंसारी उर्फ सोनू और मो. असलम मंसूरी शामिल हैं। जग्गू, छोटू अंसारी और बब्लू अंसारी झगरी, मुफस्सिल, गिरिडीह के रहने वाले हैं। असलम मंसूरी नयाधौड़ा, मुफस्सिल का और सोनू अधनचुंआ, बेंगाबाद, गिरिडीह का रहने वाला है।
छापामारी दल :
छापामारी दल का नेतृत्व SDPO जीतबाहन उरांव ने किया। इस दल में मुफस्सिल थाना, बेंगाबाद थाना, गाण्डेय थाना के अधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
Also Read : पलामू के बड़े कारोबारी के ठिकानों पर रेड, जीएसटी की टीम कल से कर रही कार्रवाई

