Ramgarh : रामगढ़ के गोला थाना क्षेत्र के भेड़ा पुल के पास बीते चार फरवरी की शाम ज्वेलरी कारोबारी से हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में गिरोह के मुख्य सरगना समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने लूटी गई नकदी, सोने जैसे आभूषण, हथियार और घटना में इस्तेमाल वाहन बरामद कर लिए हैं।
ओवरटेक कर रोका, हथियार दिखाकर की लूट
रजरप्पा थाना क्षेत्र के जामुन टोला निवासी बिहारी प्रसाद स्वर्णकार गोला बाजार में “बिहारी ज्वेलर्स” के नाम से दुकान चलाते हैं। 4 फरवरी की शाम करीब 6 से 6:15 बजे वे रोज की तरह दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से सुकरीगढ़ा गांव जा रहे थे। भेड़ा पुल के पास पीछे से आई रॉयल एनफील्ड पर सवार दो युवकों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। हथियार के दमपर अपराधियों ने करीब 70 हजार रुपए नकद, सोने के आभूषण, मोबाइल फोन और बाइक की चाबी लूट ली और गोला की ओर भाग निकले। घटना के बाद गोला थाना कांड संख्या 18/26, दिनांक 04.02.2026 को भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4)/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
एसपी के निर्देश पर बनी एसआईटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के निर्देश पर रामगढ़ एसडीपीओ चंदन कुमार वत्स के नेतृत्व में विशेष जांच दल गठित किया गया। टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान हजारीबाग के केरेडारी निवासी 21 वर्षीय दीपक कुमार को रांची से गिरफ्तार किया गया।
निशानदेही पर हथियार और बाइक बरामद
दीपक की निशानदेही पर पुलिस ने एक देशी कट्टा, 8 एमएम की एक गोली, सोने जैसी एक जोड़ी कान की बाली, एक पल्सर मोटरसाइकिल और घटना में इस्तेमाल रॉयल एनफील्ड मेटिओर 350 बरामद की। इसके बाद पुलिस ने चरही थाना क्षेत्र से मो. सद्दाम उर्फ छोटू उर्फ मास (30), ऐनुल अंसारी (27) और मोईन अंसारी (30) को गिरफ्तार किया। इनके पास से सात जोड़ी कान की बाली, दो जोड़ी चेन, चार मंगलसूत्र और एक ऑल्टो कार जब्त की गई।
सरगना पर कई जिलों में दर्ज हैं मामले
एसपी के अनुसार गिरोह का सरगना मो. सद्दाम है। उसके खिलाफ बोकारो, रांची और रामगढ़ जिलों में लूट, डकैती, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। अन्य आरोपी भी पहले आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं।
न्यायिक हिरासत में भेजे जाएंगे सभी आरोपी
बरामद सामान में एक देशी कट्टा, एक गोली, कुल आठ जोड़ी सोने जैसी बालियां, दो जोड़ी चेन, चार मंगलसूत्र, चार मोबाइल फोन, एक ऑल्टो कार, एक पल्सर और रॉयल एनफील्ड बाइक शामिल हैं। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। छापेमारी टीम में डीएसपी चंदन कुमार वत्स, पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार, गोला थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
Also Read : दो सड़क हादसों से दहला कोडरमा, महिला की मौत, युवक जख्मी

