Patna : बिहार की राजधानी पटना में जन सुराज पार्टी के नेता और कार्यकर्ताओं ने सोमवार को स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के सरकारी आवास का घेराव किया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बिहार की कथित खराब स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी मुजफ्फरपुर के कुढ़नी रेप कांड पीड़िता की मौत के बाद पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) में इलाज के दौरान लापरवाही का आरोप लगाते हुए सड़कों पर उतरे।
माहौल हुआ तनावपूर्ण
कार्यकर्ताओं का दावा है कि पीड़िता को समय पर उचित इलाज नहीं मिला, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। जन सुराज समेत अन्य विपक्षी दलों ने इस मामले को लेकर बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। स्वास्थ्य मंत्री के आवास के बाहर पहुंचे जन सुराज कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की और सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया। उन्होंने मंगल पांडेय के इस्तीफे की मांग की। इस दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया और प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग भी किया।
जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा…
जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने कहा, “बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। पीड़िता की मौत इसका जीता-जागता सबूत है। हम मंगल पांडेय के इस्तीफे की मांग करते हैं।” यह प्रदर्शन बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर बढ़ते असंतोष को दर्शाता है। मामले को लेकर सरकार की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

Also Read : घर और कार्यस्थल पर बांसुरी रखने से मिलते हैं चमत्कारी लाभ

