Ranchi : चाईबासा के सारंडा जंगल में नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में घायल सीआरपीएफ कोबरा 205 बटालियन के इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश और शैलेश कुमार दुबे को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली भेजा गया है। गुरुवार को रांची के राज अस्पताल से एयरपोर्ट तक ग्रीन कॉरिडोर बनाकर दोनों जवानों को एयर एंबुलेंस से रवाना किया गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार और गुरुवार को हुए मुठभेड़ में एक इंस्पेक्टर और पांच जवान घायल हुए थे, जिन्हें हेलीकॉप्टर से रांची लाकर राज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की सलाह पर गुरुवार को इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश और शैलेश कुमार दुबे को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली रेफर किया गया। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखते हुए रांची ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत ग्रीन कॉरिडोर तैयार किया। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह के नेतृत्व में टीम ने अस्पताल से एयरपोर्ट तक रास्ता खाली कराया, जिससे दोनों घायलों को महज 4 से 5 मिनट में एयरपोर्ट पहुंचा दिया गया। मुठभेड़ में घायल अन्य जवानों में प्रेमचंद दास और जितेंद्र कुमार रॉय भी शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, जितेंद्र कुमार रॉय के पैर में, शैलेश कुमार दुबे की गर्दन में और प्रेमचंद दास के घुटने के नीचे गोली लगी थी, जबकि सत्य प्रकाश को स्प्लिंटर इंजरी हुई है।
Also Read : आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास पर डीजीपी सख्त, हर जिले में नोडल अफसर तैनात करने का निर्देश


