Jamshedpur : जमशेदपुर के मुसाबनी स्थित सीटीसी परिसर में बीती देर रात उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब सड़क दुर्घटना में जख्मी जवानों को समय पर इलाज नहीं मिला। नाराज जवानों ने करीब एक घंटे तक सीटीसी परिसर में हंगामा किया।
मिली जानकारी के अनुसार सीटीसी मुसाबनी में प्रशिक्षण ले रहे जवानों को खरसावां में आयोजित एक कार्यक्रम में ड्यूटी के लिए भेजा गया था। कार्यक्रम से लौटते समय शुक्रवार रात करीब 11 बजे पोटका थाना क्षेत्र में एक हाईवा ने जवानों से भरी बस को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बस में सवार 15 से 20 जवान आंशिक रूप से जख्मी हो गए।
हादसे के बाद जवानों ने तुरंत अपने वरीय अधिकारियों को सूचना दी। कुछ देर बाद सीटीसी मुसाबनी से एक बस मौके पर भेजी गई, जिससे सभी जख्मी जवानों को सीटीसी परिसर लाया गया। लेकिन जब जवानों ने तुरंत इलाज की मांग की, तो उन्हें सुबह इलाज कराने की बात कही गई। इससे नाराज होकर जवानों ने रात करीब 12 बजे हंगामा शुरू कर दिया।
जवानों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद कोई भी वरीय पदाधिकारी न तो घटनास्थल पर पहुंचा और न ही उनकी स्थिति की जानकारी ली। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद प्रशासन हरकत में आया और सभी जख्मियों को बस से एमजीएम अस्पताल भेजा गया। फिलहाल सभी जख्मी जवानों का एमजीएम अस्पताल में इलाज चल रहा है।
Also Read : “आ जा मेरी रिक्शा में बैठ जा”… एक्वा वर्ल्ड रिलायंस कार्निवल के छठे दिन में मचा धमाल


