जोहार लाइव ब्यूरो
विपक्ष के INDIA गठबंधन की बैठक शुरू हो गई है. चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और SIR को छिड़े विवाद के बाद गठबंधन की बैठकें हो रही हैं. इसके एजेंडे में चुनाव आयोग और उससे जुड़े विवाद हैं. चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठ रही है. इसी बीच कांग्रेस नेता ने पोस्ट शेयर करके बताया है कि INDIA गठबंधन की बैठक में कौन-कौन सी पार्टी शामिल हुई हैं.
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर पूरी लिस्ट शेयर की है. उन्होंने लिखा, INDIA गठबंधन की बैठक अभी-अभी शुरू हुई है. इसमें शामिल पार्टियां हैं – INC, SP, AITC, NCP(SP), SS (UBT), RJD, CPM, CPI, JKNC, JKPDP, JMM, CPI-ML, IUML, KC(M), MDMK, VCK, RSP, KC(J) और AIFB. ये और दूसरी विपक्षी पार्टियां भारत के संविधान को मोदी सरकार के लगातार हमलों से बचाने के लिए एकजुट हैं. हाल ही में सत्ता में बने रहने के लिए ECI के ज़रिए ‘वोट चोरी’ की उनकी चाल के खिलाफ.
INDIA जनबंधन की बैठक अभी शुरू हुई है। इसमें शामिल पार्टियाँ हैं INC, SP, AITC, NCP(SP), SS (UBT), RJD, CPM, CPI, JKNC, JKPDP, JMM, CPI-ML, IUML, KC(M), MDMK, VCK, RSP, KC(J) और AIFB।
ये और अन्य विपक्षी दल मोदी सरकार द्वारा बार-बार किए जा रहे हमलों से भारत के संविधान की रक्षा के…
— Jairam Ramesh (@Jairam_Ramesh) September 30, 2026
बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ संसद के दोनों सदनों में महाभियोग प्रस्ताव लाने की रणनीति पर चर्चा होने की बात कही जा रही है. सूत्रों के मुताबिक, प्रस्ताव के नोटिस का मसौदा तैयार हो चुका है और बैठक में इसे लेकर आगे की रणनीति पर मंथन होगा. विपक्ष SIR प्रक्रिया और वोटर लिस्ट को लेकर चुनाव आयोग की भूमिका पर भी सवाल उठा रहा है.
SIR यानी Special Intensive Revision को लेकर विपक्ष लगातार चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहा है. विपक्षी दलों का आरोप है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में गड़बड़ी की आशंका है और इससे मतदाताओं के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं. इसी मुद्दे को लेकर INDIA ब्लॉक के घटक दलों की दिल्ली में बैठक बुलाई गई है. बैठक में CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और उनके खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने की संभावनाओं पर चर्चा होने की बात सामने आई है.
शिवराज ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
विपक्ष की बैठक से पहले केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने INDIA ब्लॉक और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला. शिवराज सिंह चौहान ने कहा,
“INDI गठबंधन राहुल गांधी को नेता मानने को तैयार नहीं है. कांग्रेस के नेता भी राहुल गांधी को नेता मानने को तैयार नहीं हैं. जिसे कांग्रेसी नेता नहीं मान रहे, उसे देश नेता कैसे मानेगा?”
उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी की लीडरशिप को स्वीकार नहीं किए जाने की वजह से सहयोगी दलों की बैठक में भी दूरी दिखाई दे रही है. शिवराज ने कहा कि राहुल गांधी खुद कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में कह रहे हैं कि उन्हें नेता माना जाए और उन पर विश्वास किया जाए.
शिवराज ने यह भी कहा कि बैठक से पहले ही INDIA गठबंधन बिखरा हुआ नजर आ रहा है. उन्होंने दावा किया कि DMK बैठक में शामिल नहीं हो रही, अखिलेश यादव दूसरी जगह व्यस्त हैं, AAP पहले ही बैठक में आने से इनकार कर चुकी है, जबकि उद्धव ठाकरे बैठक में वर्चुअली जुड़ेंगे.
‘शुद्ध वोटर लिस्ट लोकतंत्र की आत्मा’
SIR को लेकर शिवराज सिंह चौहान ने विपक्ष के आरोपों पर भी पलटवार किया. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध होना लोकतंत्र के लिए बेहद जरूरी है. शिवराज ने कहा,
“शुद्ध वोटर लिस्ट लोकतंत्र की आत्मा है. वोटर लिस्ट में गलत नाम जुड़े तो लोकतंत्र ही मर जाएगा.”
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जो व्यक्ति जीवित नहीं है, उसका नाम वोटर लिस्ट से हटाने पर आपत्ति क्यों होनी चाहिए. साथ ही उन्होंने कहा कि जो देश का नागरिक नहीं है, उसका नाम मतदाता सूची में क्यों होना चाहिए.
‘UP में अखिलेश की 37 सीटें कैसे आईं?’
विपक्ष के वोट चोरी के आरोपों पर भी शिवराज सिंह चौहान ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि चुनावी मैदान में हारने के बाद विपक्ष हार का ठीकरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर फोड़ता है. उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव की 37 सीटें कैसे आ गईं? अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग चुनाव परिणाम क्यों आते हैं? हार गए तो वोट चोरी का बहाना बनाते हैं.”
शिवराज ने दावा किया कि वोट चोरी नहीं हुई है और जनता अब इसे समझ रही है. उन्होंने कहा कि इसी वजह से लोगों ने कांग्रेस को वोट देना बंद कर दिया है.
SIR विवाद, वोटर लिस्ट और CEC ज्ञानेश कुमार को लेकर विपक्ष और सरकार के बीच टकराव लगातार बढ़ रहा है. ऐसे में दिल्ली में चल रही INDIA ब्लॉक की बैठक को अहम माना जा रहा है. बैठक में महाभियोग प्रस्ताव के नोटिस, SIR के खिलाफ आंदोलन और संसद में आगे की रणनीति पर चर्चा होने की बात कही जा रही है.
Also Read : रांची : IPS अधिकारी पर रास्ता बंद करने का आरोप, 5 परिवारों ने CM से लगाई इंसाफ की गुहार

