Bokaro : कड़ाके की ठंड को देखते हुए चास नगर निगम ने महिला और पुरुष आश्रयविहीनों के लिए निःशुल्क आश्रयगृह की सुविधा शुरू की है। यह पहल दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (DAY-NULM) के तहत की गई है। महिला आश्रयगृह आईटीआई मोड़, चास में और पुरुष आश्रयगृह कम्युनिटी हॉल, जोधाडीह मोड़ (हनुमान मंदिर के पास) में संचालित हो रहे हैं।
पुरुष आश्रयगृह में 15 और महिला आश्रयगृह में 20 बेड की व्यवस्था की गई है। दोनों आश्रयगृहों में हवादार कमरे, पर्याप्त प्रकाश, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, अग्नि सुरक्षा और फर्स्ट एड बॉक्स जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा बेड, तकिया, कंबल, मच्छरदानी और रूम हीटर की भी व्यवस्था की गई है, ताकि ठंड से राहत मिल सके।
नगर निगम ने यह भी सुनिश्चित किया है कि रेस्क्यू के माध्यम से लाए गए असहाय लोगों को निःशुल्क भोजन मिले। इसके लिए उन्हें दाल-भात केंद्र से जोड़ा गया है, जिससे नियमित रूप से भोजन उपलब्ध हो सके। महिला और पुरुष रेस्क्यू टीम सप्ताह में तीन बार 24×7 अभियान चला रही है, ताकि सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर रह रहे जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जा सके।
आश्रयगृह से जुड़ी जानकारी के लिए महिला आश्रयगृह में शर्मिला मांझी (मो. 8809148344) और श्यामली मांझी (मो. 8235262761) तथा पुरुष आश्रयगृह में शिवचरण कुमार (मो. 6201425995) से संपर्क किया जा सकता है।
चास नगर निगम की यह पहल ठंड के मौसम में आश्रयविहीनों के लिए जीवनरक्षक साबित हो रही है और प्रशासन की सामाजिक जिम्मेदारी को दर्शाती है।


