Ranchi : इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट (आईएचएम) रांची में गुरुवार को दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ। कृषि, पशुपालन और सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने सभागार सह कार्यकारी विकास केंद्र और बालिका छात्रावास विस्तारीकरण योजना का संयुक्त रूप से भूमि पूजन किया।
युवा कौशल को बढ़ावा देने पर जोर
कार्यक्रम में दोनों मंत्रियों ने कहा कि आईएचएम जैसे संस्थान राज्य के युवाओं को रोजगार के नए मौके दे रहे हैं। आतिथ्य क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और प्रशिक्षण मिलने से छात्र बेहतर करियर की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
मांडर कॉलेज को रिसर्च सेंटर बनाने की मांग
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने अपने संबोधन में मांडर कॉलेज को छोटानागपुर स्टडीज एंड रिसर्च सेंटर के रूप में विकसित करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि मांडर क्षेत्र के छात्रों ने स्कूल से लेकर उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। ऐसे में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग को इस दिशा में कदम बढ़ाना चाहिए।
संस्कृति और भोजन शैली से बढ़ रही पहचान
पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने कहा कि दक्षिणी छोटानागपुर अपनी संस्कृति, परंपराओं और विशिष्ट भोजन शैली के लिए जाना जाता है। आईएचएम से जुड़े छात्र इन परंपराओं को आधुनिक आतिथ्य सेवाओं से जोड़कर नए अवसर बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले इस क्षेत्र में रोजगार सीमित था, लेकिन अब होटल प्रबंधन के क्षेत्र में तेजी से संभावनाएं बढ़ रही हैं।
आईएचएम के विकास में पूरा सहयोग
पर्यटन मंत्री ने आश्वस्त किया कि पर्यटन विभाग आईएचएम के विस्तार में पूरा सहयोग देगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही है और इससे युवाओं एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ा लाभ मिलेगा।
कई गणमान्य लोगों ने की भागीदारी
कार्यक्रम में आईएचएम के प्रिंसिपल डॉ. भूपेश कुमार, आनंदित भारद्वाज, मंगा उरांव, शमीम अख्तर, आबिद अंसारी, बंधु टोप्पो, इमरोज, विजय तिर्की, विनोद भगत, सुरेश उरांव सहित कई लोग मौजूद थे।
Also Read : चाय दुकान की रंजिश में हुई थी बुजुर्ग दंपती की ह’त्या, दो आरोपी अरेस्ट


