Bokaro : बोकारो के हरला थाना क्षेत्र में एक दिसंबर को हुए बुजुर्ग दंपती हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवकों के नाम ओमप्रकाश कुमार उर्फ ललुआ और उसका साथी रामचन्द्र कुमार उर्फ बिद्ध है। दोनों जोशी कॉलोनी के ही रहने वाले हैं।
कैसे हुआ था हमला
जोशी कॉलोनी गेट नंबर 03 में रहने वाले महावीर साव (70) और उनकी पत्नी कौश्यला देवी (65) की हत्या उसी रात ईंट और चाकू से की गई थी। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई थी। जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी घटना के समय शराब के नशे में थे और उसी हालत में उन्होंने दंपती पर हमला कर दिया।
दुकानदारी की प्रतिस्पर्धा बनी वजह
एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि दंपती चाय-पकौड़ी की दुकान चलाते थे। ठीक सामने आरोपी ओमप्रकाश भी चाय-नाश्ते की दुकान लगाता था। दोनों दुकानों के बीच ग्राहकों को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। छोटी-छोटी बात पर कहासुनी और मनमुटाव से ओमप्रकाश के मन में रंजिश बढ़ती गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने माना कि इसी दुश्मनी के कारण उन्होंने दंपती की हत्या की।
शराब के नशे में दी वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार घटना की रात ओमप्रकाश और उसका साथी रामचन्द्र शराब के नशे में थे। नशे की हालत में उन्होंने पहले ईंट से वार किया, फिर चाकू से हमला कर दंपती की हत्या कर दी।
महत्वपूर्ण सबूत बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से खून से सना चाकू, खून लगी ईंट, वारदात के समय पहने गए कपड़े और मृतक दंपती का टूटा की-पैड मोबाइल फोन बरामद किया है। इन सबूतों के आधार पर मामला काफी हद तक मजबूत माना जा रहा है।
विशेष टीम ने सुलझाया मामला
एसपी के निर्देश पर सिटी डीएसपी आलोक रंजन के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम बनाई गई थी। टीम ने लगातार निगरानी और तकनीकी जांच के आधार पर दोनों आरोपियों को पकड़कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और केस को जल्द कोर्ट में प्रस्तुत किया जाएगा।
Also Read : मोबाइल कवर में छिपा रखता था ब्राउन शुगर, चक्रधरपुर पुलिस ने 68 पुड़िया के साथ युवक को किया गिरफ्तार


