Chaibasa : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे बड़े सर्च ऑपरेशन के दौरान शनिवार को आईईडी ब्लास्ट हो गया। इस धमाके में एक कोबरा जवान घायल हो गया। राहत की बात यह है कि उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, सुबह के समय भी सारंडा इलाके में एक आईईडी विस्फोट हुआ था। इसके बाद सुरक्षाबलों ने पूरे जंगल में तलाशी और तेज कर दी। जवान बेहद सावधानी के साथ आगे बढ़ रहे थे, क्योंकि आशंका थी कि और भी विस्फोटक लगाए गए हो सकते हैं।
सर्च के दौरान हुआ धमाका
जब सुरक्षाबलों की टीम जंगल के अंदर आगे बढ़ रही थी, तभी एक जवान नक्सलियों द्वारा पहले से लगाए गए आईईडी की चपेट में आ गया। अचानक हुए धमाके से कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। साथी जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाला और घायल जवान को सुरक्षित जगह पर पहुंचाया। अधिकारियों के मुताबिक, घायल जवान को तुरंत प्राथमिक इलाज दिया गया और अब उसकी हालत स्थिर है। बाकी सभी जवान सुरक्षित हैं।
सर्च ऑपरेशन और तेज
घटना के बाद पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की मदद ली जा रही है ताकि छिपाकर रखे गए विस्फोटकों को समय रहते खोजा जा सके। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से भी अपील की है कि वे जंगल की ओर न जाएं और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और अभियान लगातार जारी है।
Also Read : झारखंड विधानसभा बजट सत्र : चौथे दिन खाली रही विपक्ष की आधा से ज्यादा सीटें


