Chatra : चतरा जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खबर मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा हजारीबाग रोड पर हुआ
मिली जानकारी के मुताबिक, सिलाड़ गांव के मिथिलेश भुईयां, धुना गांव के पंकज भुईयां और नीरज कुमार भुईयां एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर दोस्त की शादी समारोह से अपने गांव लौट रहे थे। लेकिन इसी बीच, इटखोरी थाना क्षेत्र के करनी इलाके में एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर तक गिर गए।
दो युवकों की मौत, तीसरा गंभीर
हादसे में मिथिलेश भुईयां की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल पंकज भुईयां को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उसकी भी मौत हो गई। पंकज अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। तीसरे घायल नीरज कुमार भुईयां को बेहतर इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल हजारीबाग रेफर किया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
वाहन की तलाश जारी
हादसे की जानकारी मिलते ही इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह मामला अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ सड़क हादसा लग रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और फरार वाहन व चालक की तलाश कर रही है।
Also Read : खेत में मिली डिलीवरी बॉय की ला’श, इलाके में सनसनी, पुलिस जुटी जांच में


