Jamshedpur : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना पुलिस ने छापेमारी कर एक हिस्ट्रीशीटर अपराधी को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान परसुडीह थाना क्षेत्र के मकदमपुर निवासी पिकू कर्मकार उर्फ पुसा (36) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मंगलवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने मीडिया को बताया कि 6 अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली थी कि परसुडीह का एक युवक बारीडीह इलाके में संदिग्ध हालत में घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-1 के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई।
पीछा कर आरोपी को पकड़ा
पुलिस टीम ने बारीडीह गोलचक्कर के पास जांच शुरू की। इसी दौरान काशाई रोड के पास एक संदिग्ध युवक दिखा। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी में मिला गांजा
पकड़े गए आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से 3.71 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार इसकी कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये आंकी गई है। बरामदगी के बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पहले से है आपराधिक इतिहास
जांच में सामने आया है कि पिकू कर्मकार पहले से ही आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। वह दो बार जेल जा चुका है। एक मामला परसुडीह थाना क्षेत्र में चोरी से जुड़ा है, जबकि दूसरा मामला पंजाब के अमृतसर में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज है। सिदगोड़ा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लाता था और इसके नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।
Also Read : असम से रांची पहुंचे सीएम हेमंत सोरेन, चुनावी दौरे के बाद लौटे वापस


