Ranchi : राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा है कि झारखंड में जल्द ही स्वास्थ्य गारंटी कार्ड की शुरुआत की जाएगी। इसका उद्देश्य हर व्यक्ति तक बेहतर और सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि राज्य का हर नागरिक स्वास्थ्य सुरक्षा के दायरे में आए। मंत्री मंगलवार को विश्व स्वास्थ्य दिवस के मौके पर नामकुम स्थित एनएचएम सभागार में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी का नतीजा है कि नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड (NQAS) रैंकिंग में झारखंड को देशभर में तीसरा स्थान मिला है, जो राज्य के लिए गर्व की बात है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे रोज कम से कम 45 मिनट अपने स्वास्थ्य के लिए जरूर निकालें और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने आईपीएच परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
मंत्री अंसारी ने बताया कि जल्द ही 1200 स्थायी डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी। इसके अलावा 7500 एएनएम और जीएनएम की बहाली प्रक्रिया भी शुरू होगी। राज्य को 247 नई एम्बुलेंस मिलने वाली हैं और संथाल परगना में नया कंट्रोल कमांड सेंटर स्थापित किया जाएगा। ब्लड की उपलब्धता को लेकर नई नीति लाने की भी तैयारी है। झारखंड हाईकोर्ट के आदेश पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि बिना डोनर के ब्लड उपलब्ध कराना जमीनी स्तर पर आसान नहीं है। ऐसे में विभाग इस आदेश में संशोधन के लिए अदालत का रुख करेगा।
इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि एनक्यूएएस रैंकिंग में तीसरा स्थान मिलना राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि है। यह प्रमाणन केंद्र सरकार द्वारा दिया गया है, जो इसकी विश्वसनीयता को दर्शाता है। उन्होंने ‘वन हेल्थ’ की अवधारणा पर जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ समाज के लिए पूरे पर्यावरण और तंत्र का संतुलित रहना जरूरी है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा ने कहा कि संतुलित खानपान, नियमित दिनचर्या और तनावमुक्त जीवन ही अच्छे स्वास्थ्य की कुंजी है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ आदतें अपनाने की अपील की।
Also Read : गांजा के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, सिदगोड़ा पुलिस ने पीछा कर दबोचा


