Ranchi : झारखंड में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग के रांची केंद्र के अनुसार, 30 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। खासकर राज्य के मध्य, दक्षिण-पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, रामगढ़, गोड्डा और गिरिडीह समेत कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश के कारण कई जगहों पर खेतों में पानी भर गया है और नदियां-नाले उफान पर हैं।
पिछले 24 घंटे में घाटशिला में सबसे अधिक 192.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, जमशेदपुर में 127.3 मिमी, रांची में 102.8 मिमी, बोकारो में 96.8 मिमी और चाईबासा में 96.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई है। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आई है। तालझारी में न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री और गोड्डा में अधिकतम 33.3 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड में बने निम्न दबाव के कारण यह बारिश हो रही है। इसका असर 30 जुलाई तक बना रहेगा। इस दौरान बिजली गिरने, जलभराव, पेड़ गिरने और यातायात में बाधा जैसी घटनाएं हो सकती हैं।
लोगों को सतर्क रहने और मौसम से जुड़ी जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी गई है। खुले में न जाएं और सुरक्षित स्थानों पर रहें।
रांची में अब तक सामान्य से 104% ज्यादा बारिश
1 जून से 26 जुलाई 2025 तक रांची में 961.4 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य (470.4 मिमी) से 104% अधिक है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में तापमान में 4 डिग्री की गिरावट का अनुमान भी जताया है।