Sahibganj : राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी शनिवार को साहिबगंज के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे सुबह 11 बजे सदर अस्पताल में ओपीडी सेवा देंगे। ओपीडी में मंत्री खुद मरीजों से मिलेंगे, उनकी समस्याएं सुनेंगे और आवश्यक इलाज भी करेंगे। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि जनसेवा उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि आम लोग इस दौरान सीधे उनसे मिलकर अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं और शिकायतें रख सकते हैं।
डॉ. इरफान अंसारी ओपीडी के दौरान अस्पताल के डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों से भी बातचीत करेंगे और उनका मनोबल बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों को सम्मान और विश्वास मिलना जरूरी है, ताकि वे बेहतर तरीके से जनता की सेवा कर सकें। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि यदि सदर अस्पताल में किसी तरह की कमी पाई जाती है, तो उस पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
साहिबगंज दौरे के दौरान स्वास्थ्य मंत्री जिले में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज के लिए चिन्हित जमीन का भी निरीक्षण करेंगे। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज बनने से जिले की स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी और स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे। स्वास्थ्य मंत्री ने आम लोगों से अपील की है कि वे ओपीडी के दौरान उनसे मिलकर अपनी समस्याएं खुलकर रखें, ताकि उनका समाधान किया जा सके।
Also Read : राज्य में स्कूल आवंटन की प्रक्रिया शुरू, 10 जनवरी तक पूरा होगा
