Giridih : गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र में शहरी सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। नगर विकास एवं आवास विभाग सह उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार ने नगर निगम परिसर में 71 शहरी विकास योजनाओं का शिलान्यास किया।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिसमें मंत्री सुदिव्य कुमार के साथ एसडीएम श्रीकांत विस्पुते और अन्य अतिथियों ने भाग लिया। इस अवसर पर झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह, नगर निगम के पार्षद, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि गिरिडीह जिला सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। ठेकेदारों और अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि सभी योजनाएं समय पर और पारदर्शी तरीके से पूरी हों।
मंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा योजनाओं के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध कराई जा रही है और उसका सही उपयोग सुनिश्चित करना स्थानीय प्रशासन और कार्य एजेंसियों की जिम्मेदारी है। इन योजनाओं के पूरा होने से शहर की सड़क, परिवहन और नागरिक सुविधाओं में सुधार होगा और आम लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि सभी विकास कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे होंगे और गिरिडीह शहर का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।


