Muzaffarpur : मुजफ्फरपुर में शुक्रवार सुबह एक घर में गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। खाना बनाते समय हुए ब्लास्ट में एक ही परिवार के छह लोग आग की चपेट में आकर झुलस गए। इनमें एक की हालत नाजुक है। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के घरों की दीवारें और खिड़कियां हिल गईं। घटना सदर थाना क्षेत्र के सुस्ता पंचायत स्थित सुस्ता गांव से सामने आई है।
परिवार के सभी सदस्य जख्मी
मिली जानकारी के अनुसार रामजी पासवान के घर में सुबह खाना बनाने की तैयारी चल रही थी। नया सिलेंडर भरवाकर लाया गया था। जैसे ही इसे चूल्हे से जोड़ा और आग जलाने की कोशिश की, अचानक जोरदार धमाका हो गया। रसोई में आग फैल गई और परिवार के लोग लपटों में घिर गए। जख्मियों में रामजी पासवान (परिवार के मुखिया), बिनोद पासवान, रिंकू देवी और तीन बच्चे गौतम, मनीष व ज्योति शामिल हैं।
पुलिस और दमकल की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही सदर थानेदार अस्मित कुमार पुलिस बल और अग्निशमन टीम के साथ स्पॉट पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। जख्मियों को एंबुलेंस से निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने एक जख्मी की हालत गंभीर बताई है।

थानेदार ने कहा…
थानेदार ने कहा कि ब्लास्ट के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर गैस लीकेज या तकनीकी खराबी की आशंका है। प्रशासन ने घायलों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीण अस्पताल पहुंचकर परिवार की मदद कर रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।