Giridih : गिरिडीह के नगर थाना क्षेत्र में एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान पुलिस ने चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार है। यह जानकारी डीएसपी नीरज कुमार सिंह ने दी।
डीएसपी ने बताया कि नेताजी चौक के पास चेकिंग के दौरान सहायक अवर निरीक्षक प्रमोद प्रसाद ने काले रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर दोनों युवक बाइक मोड़कर भागने लगे, लेकिन पुलिस बल ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
पकड़े गए युवकों की पहचान पचम्बा थाना क्षेत्र के सुगासार निवासी रविंद्र साव और विजय साव के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान वे बाइक से जुड़े कोई कागजात नहीं दिखा सके। पूछताछ में उन्होंने बताया कि यह मोटरसाइकिल उन्होंने सत्यनारायण पांडेय और सुनील कुमार दास से 15 हजार रुपये में खरीदी थी।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अलकापुरी इलाके से सत्यनारायण पांडेय और सुनील कुमार दास को गिरफ्तार किया। दोनों ने बताया कि उन्होंने यह बाइक मो. ताज हसन और मो. सदाब उर्फ मिठू से खरीदी थी, जिन्होंने बाइक का नंबर बदलकर चलाने की सलाह दी थी।
पुलिस ने इस मामले में नगर थाना कांड संख्या 07/26, दिनांक 09 जनवरी 2026 के तहत केस दर्ज किया है। अनुसंधानकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक उपेंद्र कुमार दास ने मो. ताज हसन को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं फरार आरोपी मो. सदाब उर्फ मिठू की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
Also Read : जमशेदपुर में 14 से 16 जनवरी तक लगेगा 46वां विशाल टुसू मेला


