Palamu : विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार आजीविका मिशन (VB-G RAM G) राम राज्य की परिकल्पना पर आधारित है और 2047 तक भारत को विकसित बनाने में इसकी अहम भूमिका होगी। यह बात पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम ने कही। शनिवार को उन्होंने VB-G RAM G को लेकर पलामू में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की।
सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि इस कानून के तहत मजदूरों को बड़ा फायदा मिलेगा और उन्हें 125 दिनों के रोजगार की गारंटी दी जाएगी। उन्होंने इसे आम लोगों, खासकर मजदूर वर्ग के लिए लाभकारी योजना बताया।
मनरेगा को लेकर कैग रिपोर्ट का जिक्र
सांसद ने मनरेगा पर खर्च को लेकर कैग की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि मनरेगा पर अब तक 11.74 लाख करोड़ रुपये खर्च हुए हैं, जिसमें से 8.53 लाख करोड़ रुपये भारतीय जनता पार्टी के कार्यकाल में खर्च किए गए। उन्होंने कहा कि कैग की रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं और कई गड़बड़ियां सामने आई हैं।
उन्होंने मनरेगा का नाम बदलने पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए कहा कि विरोध करने वालों ने भी अपने कार्यकाल में कई योजनाओं के नाम बदले हैं। सांसद ने कहा कि मनरेगा को पहले “गड्ढा बनाने और गड्ढा भरने की योजना” कहा जाता था।
स्थायी संपत्ति और तकनीक पर जोर
पलामू सांसद ने कहा कि VB-G RAM G की पहल से स्थायी संपत्तियों का निर्माण होगा और धोखाधड़ी पर नजर रखना आसान होगा। इस एक्ट के तहत लागू होने वाली योजनाओं में तकनीक का उपयोग किया जाएगा। जल संरक्षण, बुनियादी ढांचा, आजीविका और मौसम से जुड़ी चुनौतियों को दूर करना इसकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने बताया कि इस योजना में 60 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार और 40 प्रतिशत राशि राज्य सरकार वहन करेगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा जिला अध्यक्ष अमित तिवारी, आजसू पार्टी के जिला अध्यक्ष दिलीप चौधरी, लोजपा के राकेश सिंह और हम पार्टी के नेता भी मौजूद थे।
Also Read : गिरिडीह में चोरी की बाइक के साथ पांच आरोपी गिरफ्तार, एक फरार


