आज से झारखंड को मुफ्त टीके की आपूर्ति, जुलाई में मिलेंगे 33 लाख डोज

राज्य में वैक्सिनेशन की रफ्तार बढ़ेगी। केंद्र सरकार 21 जून से राज्य को मुफ्त टीका उपलब्ध कराएगी। झारखंड के वैक्सीन के कोटे में भी बढ़ोतरी हुई है। केंद्र सरकार ने झारखंड को अगले माह जुलाई में 33,13,540 वैक्सीन डोज देगी। इसका शिड्यूल केंद्र सरकार ने जारी कर दिया है। राज्य सरकार को शिड्यूल के हिसाब से इसका वितरण करते हुए टीकाकरण सुनिश्चित करने को कहा गया है।

स्वास्थ्य विभाग के वरीय आईईसी प्रभारी सिद्धार्थ त्रिपाठी ने बताया कि अब कंपनियों द्वारा निर्मित टीके का 75 प्रतिशत टीका केंद्र खुद खरीदकर राज्यों को उपलब्ध कराएगा। जबकि, 25 प्रतिशत टीका निजी अस्पतालों में टीकाकरण के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे।

जुलाई में मिलने वाले 33.13 लाख टीके में से 24,85,150 टीका राज्य को फ्री उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि 8,28,390 टीके निजी अस्पतालों को दिए जाएंगे। 21 जून से वैक्सीन निजी अस्पताल भी अपने यहां लगा सकते हैं। वैक्सीन निर्माता कंपनियों से उन्हें वैक्सीन लेना होगा, पर इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को देनी होगी।

जून के बचे हुए दिनों के लिए मिलेंगे 5.70 लाख डोज

झारखंड में कोरोना वैक्सिनेशन की गति बढ़ाने की तैयारियों के बीच जून के बचे 12 दिनों में 05 लाख 70 हजार 810 डोज वैक्सीन झारखंड आने की संभावना है। इसमें 04 लाख 50 हजार 960 डोज कोविशील्ड की होगी और 01 लाख 19 हजार 850 डोज कोवैक्सीन की होगी।

आज से नई पॉलिसी, क्या बदलेगा

18 साल से अधिक उम्र के सभी नागरिकों को केंद्र और राज्य सरकारों के जरिए मुफ्त वैक्सीन लगाई जाएगी। इससे पहले सिर्फ 45 साल या उससे ज्यादा उम्र के लोगों और हेल्थ केयर वर्कर्स जैसे फ्रंटलाइन वर्कर्स को मुफ्त वैक्सीन मुहैया कराई जा रही थी। प्राइवेट अस्पताल वैक्सीन की मनमानी कीमत नहीं वसूल पाएंगे। सरकार ने निजी अस्पतालों के लिए रेट तय कर दिया है।

प्राइवेट अस्पतालों के लिए तय की गई कीमत

कोविशील्ड वैक्सीन की एक डोज के लिए निजी अस्पताल अधिकतम 780 रु. वसूल कर सकते हैं। स्पुतनिक V वैक्सीन की एक डोज के लिए 1145 रु और कोवैक्सीन की एक डोज के लिए निजी अस्पताल अधिकतम 1410 रुपये तक वसूल सकते हैं। अधिकतम कीमतों में लागत के अलावा 150 रुपये का सर्विस चार्ज भी शामिल है।

कहां कितनी डिमांड

रेडक्रॉस में कोविशील्ड के 15000 और कोवैक्सीन के 5000 डोज की डिमांड है। मेडिका हॉस्पिटल रांची में कोवैक्सीन के 10 हजार डोज, वहीं कोविशील्ड की मेडीटरीना जमशेदपुर में 3000, लाइफ केयर हजारीबाग में 2000 डोज, द होप रामगढ़ में 3000, रानी हॉस्पिटल रांची में 3000 डोज की डिमांड है। जबकि केएमएम अस्पताल बोकारो ने कोवैक्सीन की 1000 डोज मांगी है।

फोटोयुक्त राशन कार्ड दिखा ले सकेंगे वैक्सीन

राज्य में चल रहे वैक्सिनेशन की रफ्तार तेज करने के लिए फोटोयुक्त राशन कार्ड को भी पहचान पत्र के रूप में मंजूरी दी गई है। इसके लिए राज्य मुख्यालय की ओर से सभी सिविल सर्जन को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया है। जिसमें कहा गया है कि कोविड वैक्सीन लेने के लिए फोटोयुक्त राशन कार्ड भी उपयुक्त पहचान पत्र है।

अन्य कोई पहचान पत्र ना हो, तो वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में फोटोयुक्त राशन कार्ड दिखाकर आसानी से वैक्सीन ले सकते हैं। कोविन ऐप पर भी इसकी सुविधा प्रदान की जा रही है। वैक्सिनेशन के लिए लाभार्थियों की आधार कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पेंशन पासबुक, एनपीआर, स्मार्ट कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र पर पहचान कर वैक्सीन देने की अनुमति दी जा चुकी है। किन्तु, अब फोटोयुक्त राशन कार्ड पर भी वैक्सीन दी जाएगी। अभियान चलाकर आमलोगों को इसके प्रति जागरूक किया जाएगा।