Jamtara : साइबर अपराध के लिए बदनाम जामताड़ा में पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना की टीम ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र में छापेमारी कर चार साइबर अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में इब्राहिम अंसारी उर्फ पाडु, हुसैन अंसारी, साकिर अंसारी उर्फ लालू और सिराज अंसारी शामिल हैं। सभी जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र से जुड़े हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी YONO ऐप चालू कराने के नाम पर लोगों को कॉल करते थे और स्क्रीन शेयरिंग के जरिए उनके बैंक खातों से पैसे उड़ा लेते थे।
करमाटांड़ के डिगवाडीह में छापा, मौके से फर्जी मोबाइल-सिम बरामद
पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता को सूचना मिली थी कि करमाटांड़ के लखनुडीह पारटोल रोड स्थित ग्राम डिगवाडीह बॉस झुड़ के पास कुछ युवक साइबर ठगी कर रहे हैं। इसके बाद साइबर थाना प्रभारी मो. फारूक के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम में इंस्पेक्टर अमृत कुमार राम, एसआई कुंदन कुमार वर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। छापेमारी के दौरान चारों आरोपियों को मोबाइल फोन और फर्जी सिम के साथ पकड़ा गया।
ऐसे करते थे ठगी
एसपी ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी बैंक के YONO ऐप को एक्टिवेट करने के नाम पर लोगों को कॉल करते थे। पहले भरोसा बनाते, फिर व्हाट्सएप पर स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड करवाते। जैसे ही पीड़ित स्क्रीन शेयर करता, आरोपी उसका यूजर आईडी और पासवर्ड बना लेते। इसके बाद OTP हासिल कर नेट बैंकिंग के जरिए खाते से पैसे ट्रांसफर कर देते थे। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह देश के कई राज्यों में सक्रिय था और बड़ी संख्या में लोगों को चूना लगा चुका है।
मामला दर्ज, नेटवर्क की जांच
चारों के खिलाफ जामताड़ा साइबर थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस बैंक खातों, कॉल डिटेल और डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। आशंका है कि गिरोह से जुड़े अन्य सदस्य भी सामने आ सकते हैं।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल पर बैंकिंग डिटेल साझा न करें। स्क्रीन शेयरिंग ऐप डाउनलोड करने से पहले सतर्क रहें और OTP किसी को न बताएं। छोटी सी लापरवाही बड़ी ठगी में बदल सकती है।
Also Read : पुलिस को रौंदने की कोशिश और किन्नरों के साथ मारधाड़ करने के दो आरोपी गिरफ्तार


