Pakur(Mitthu Yadav) : होली और ईद जैसे बड़े त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने के लिए पाकुड़ जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी को लेकर नगर थाना से एसडीओ साइमन मरांडी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डीएन आजाद के नेतृत्व में पुलिस ने मोटरसाइकिल फ्लैग मार्च निकाला।
शहर के संवेदनशील इलाकों में गश्त
फ्लैग मार्च के दौरान नगर थाना प्रभारी समेत बड़ी संख्या में पुलिस जवान बाइक पर सवार होकर शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी से लोगों में सुरक्षा का भरोसा दिखा। प्रशासन ने साफ संदेश दिया कि त्योहार के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अफवाहों से दूर रहने की अपील
एसडीओ साइमन मरांडी ने कहा कि होली और ईद दोनों ही प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश देते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और अगर कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत प्रशासन को सूचना दें।
असामाजिक तत्वों पर रहेगी नजर
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डीएन आजाद ने बताया कि पर्व के दौरान शहर में विशेष निगरानी रखी जाएगी। असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रहेगी और माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील की है ताकि दोनों पर्व शांतिपूर्वक संपन्न हो सकें।
Also Read : रांची में अवैध मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार

