Jamtara (Rajiv Jha) : जामताड़ा जिले में साइबर थाना की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। नई तैनाती के बाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश मंडल के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान की जानकारी एसपी राजकुमार मेहता ने मंगलवार शाम साइबर थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।
एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर नारायणपुर थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय के पास अलकेसिया पेड़ के जंगल में छापेमारी की गई। इस दौरान साइबर ठगी करते हुए पांच आरोपियों सद्दाम अंसारी, तसलीम रज़ा (दोनों लोहरबंधा), सबीर अंसारी (उपर-भीठरा), सलामत अंसारी (लोहरबंधा) और तजाउल अंसारी (बांकुडीह) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि ये सभी लंबे समय से फर्जी मोबाइल और सिम कार्ड के जरिए साइबर ठगी कर रहे थे। छापेमारी के दौरान इनके पास से 9 मोबाइल फोन और 12 फर्जी सिम कार्ड बरामद किए गए। अपराधियों की ठगी का तरीका मुख्य रूप से लोगों को अलग-अलग प्रकार के मनी ट्रांजैक्शन या सोशल मीडिया एप्स की फर्जी एपीके फाइलें व्हाट्सऐप पर भेजकर, या लिंक के जरिए इंस्टॉल करवाकर मोबाइल का एक्सेस हासिल करना और गुप्त जानकारी चोरी करना था।
एसपी ने यह भी बताया कि मुख्य आरोपी तजाउल अंसारी पहले से ही साइबर अपराध थाना में विभिन्न मामलों में आरोप पत्रित है। इनका ठगी का नेटवर्क झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश तक फैला हुआ था। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ साइबर थाना में मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
Also Read : झारखंड में बड़ी कार्रवाई: पूर्व डीजीपी अनुराग गुप्ता के एनजीओ प्रभारी रहे इंस्पेक्टर गणेश सिंह निलंबित


