Jamshedpur : जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में एग्रीको ट्रैफिक सिग्नल के पास स्थित एक गैराज में अचानक आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार से उठती लपटें देखते ही देखते फैल गईं और पास खड़ी ऑटो भी आग की जद में आ गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि गैराज धुएं से भर गया। आसपास के दुकानदार और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। घटना की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई। मौके पर कई फायर टेंडर पहुंचे और लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह काबू में किया गया।
दमकल विभाग की शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। आग इतनी भीषण थी कि कार और ऑटो पूरी तरह जलकर राख हो गए। गैराज में रखे उपकरण, टायर और अन्य सामान भी नुकसान में आ गए। आग की लपटें सड़क तक फैल गईं, जिससे कुछ समय के लिए ट्रैफिक प्रभावित हुआ।
खुशकिस्मती रही कि इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई। सिदगोड़ा थाना पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस गैराज संचालक, कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। वहीं, गैराज के वायरिंग, पावर सप्लाई और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। अधिकारी ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट हो जाएगा।


