झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की परीक्षा में कथित गड़बड़ी और धांधली के मामले में जांच तेज हो गई है. मामले की जांच कर रही CID की टीम लगातार कार्रवाई में जुटी है. सूत्रों के अनुसार, इस मामले में आज देर शाम तक थाने में FIR दर्ज की जा सकती है. फिलहाल CID के अधिकारी पूरे मामले से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं और आरोपियों से पूछताछ का सिलसिला जारी है.
जानकारी के मुताबिक, CID की टीम ने मामले से जुड़े करीब आठ लोगों को रांची के अलग-अलग थानों में रखकर पूछताछ शुरू की है. इनमें JPSC की परीक्षा नियंत्रक, परीक्षा आयोजित कराने वाली एजेंसी से जुड़े लोगों समेत अन्य संदिग्ध और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. जांच एजेंसी परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड को खंगाल रही है, ताकि कथित अनियमितताओं की पूरी कड़ी सामने आ सके.
एल. ख्यांग्ते ने JPSC अध्यक्ष पद से दिया था इस्तीफा
इस बीच मामले में झारखंड लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष एल. ख्यांगते का इस्तीफा भी चर्चा का विषय बना हुआ है. उन्होंने बीते शाम अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. सूत्रों के अनुसार, उनके इस्तीफे से पहले देर शाम CID की एक टीम उनके आवास पर पहुंची थी. हालांकि, CID की ओर से इस संबंध में आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.
JPSC परीक्षा में कथित धांधली को लेकर पिछले कुछ समय से छात्रों और अभ्यर्थियों के बीच नाराजगी देखी जा रही थी. अब CID की जांच और संभावित FIR के बाद इस मामले में आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं. माना जा रहा है कि FIR दर्ज होने के बाद जांच का दायरा और बढ़ सकता है और मामले से जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा सकती है.

