Jamshedpur : राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे फाइलेरिया उन्मूलन अभियान (एमडीए) का शुभारंभ मंगलवार को पोटका प्रखंड के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में किया गया। इस मौके पर विधायक संजीव सरदार ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया और सबसे पहले खुद फाइलेरिया की दवा का सेवन कर अभियान की शुरुआत की।
500 से अधिक छात्राओं को खिलाई गई दवा
विधायक द्वारा दवा सेवन के बाद विद्यालय की 500 से अधिक छात्राओं को फाइलेरिया की दवा खिलाई गई। स्वास्थ्य कर्मियों की देखरेख में छात्राओं को दवा दी गई और उन्हें इसके फायदे भी बताए गए।
फाइलेरिया एक गंभीर बीमारी, इसे जड़ से खत्म करना जरूरी : विधायक
मौके पर विधायक संजीव सरदार ने कहा कि फाइलेरिया, जिसे आम भाषा में हाथी पांव कहा जाता है, एक बेहद गंभीर बीमारी है। इस बीमारी को जड़ से खत्म करने के लिए सरकार यह अभियान चला रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि दो साल से अधिक उम्र के सभी बच्चे और बड़े इस दवा का जरूर सेवन करें और फाइलेरिया मुक्त पोटका बनाने में सहयोग दें।
दो लाख से ज्यादा लोगों को दवा खिलाने का लक्ष्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चिकित्सा प्रभारी डॉ. रजनी महाकुड़ ने बताया कि यह अभियान 10 फरवरी से 25 फरवरी तक चलेगा। इस दौरान आंगनबाड़ी सेविका और सहिया घर-घर जाकर लोगों को फाइलेरिया की दवा खिलाएंगी।

2 लाख 6 हजार से अधिक ग्रामीणों तक पहुंचेगी दवा
चिकित्सा प्रभारी ने जानकारी दी कि पोटका स्वास्थ्य विभाग द्वारा कुल 2 लाख 6 हजार 733 ग्रामीणों को फाइलेरिया की दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से बीमार लोग, गर्भवती महिलाएं और दो वर्ष से कम उम्र के बच्चों को छोड़कर बाकी सभी लोग इस दवा का सेवन कर सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम रही मौजूद
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग से सुनील तिर्की, अनामिका कुमारी, पलाश मंडल, तुसार मंडल, देबाशीष भगत, मनोज शर्मा (पिरामल), केआर अंजली समेत कई स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे। वहीं विद्यालय की वार्डन रूमा हलधर, शिक्षिकाएं ज्योति सागर, मीणा धनवार, सुमिता कुमारी, काजल मुनि सरदार और कमला मुंडा सहित अन्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
Also Read : 7 साल तक शादी का झांसा देकर BSF जवान करता रहा यौन शोषण, SSP से न्याय की गुहार

