Chaibasa : चाईबासा जिले के टोंटो थाना क्षेत्र में बुधवार भोरे भोर नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच भीषण मुठभेड़ शुरू हो गई। यह मुठभेड़ घोर नक्सल प्रभावित रूटुगुटू के घने जंगलों में चल रही है। बताया जा रहा है कि कोबरा 209 बटालियन के जवान इलाके में सर्च ऑपरेशन के लिए निकले थे, इसी दौरान माओवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बल पिछले दो दिनों से गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बोरोई और तूनबेड़ा इलाके में लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रहे थे। इसी अभियान के तहत जवान बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे जंगल के अंदर पहुंचे, जहां माओवादियों से उनका आमना-सामना हो गया। इसके बाद दोनों ओर से ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू हो गई।
सुबह से रुक-रुक कर जारी है फायरिंग
सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ सुबह से रुक-रुक कर जारी है। जंगल का इलाका होने के कारण सुरक्षा बल बेहद सतर्कता के साथ आगे बढ़ रहे हैं। वहीं माओवादी भी पेड़ों और पहाड़ियों की आड़ लेकर गोलीबारी कर रहे हैं। मुठभेड़ के दौरान पूरे इलाके में सुरक्षा बलों की मौजूदगी बढ़ा दी गई है।

सघन तलाशी अभियान जारी
मुठभेड़ के बाद इलाके में सुरक्षा एजेंसियों ने सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। जंगलों में ड्रोन और अन्य तकनीकी संसाधनों की मदद भी ली जा सकती है।
इलाके में माओवादी गतिविधियां बढ़ने के संकेत
मालूम हो कि कुछ दिन पहले गोइलकेरा थाना क्षेत्र में एक पूर्व माओवादी की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद से ही सुरक्षा एजेंसियों को आशंका थी कि माओवादी संगठन फिर से सक्रिय हो रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, माओवादी नेता मिसिर बेसरा के नेतृत्व में संगठन के कई दस्ते अभी भी सारंडा और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय हैं।
कोल्हान और सारंडा क्षेत्र में बढ़ी चिंता
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि माओवादी सारंडा से निकलकर कोल्हान और आसपास के इलाकों में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। इसी कारण सुरक्षा बल लगातार अभियान चला रहे हैं। लेकिन ताजा मुठभेड़ से साफ हो गया है कि जंगल क्षेत्रों में अभी भी माओवादी सक्रिय हैं।
पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट
फिलहाल टोंटो, गोइलकेरा और आसपास के थाना क्षेत्रों में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। सुरक्षा बलों को सतर्क रहने और हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीण इलाकों में भी सुरक्षा बढ़ाई जा रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।


