Bettiah : पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज में बीती रात एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। शिकारपुर थाना क्षेत्र के बैरिया गांव में पंचायत के दौरान एक बेटे ने अपने ही बाप की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त चंद्रशेखर साह उर्फ जक्शन साह (65) के तौर पर की गई है। चंद्रशेखर साह अपने बेटों राधाकांत साह और राजकिशोर साह के साथ संपत्ति विवाद सुलझाने के लिए पंचायत में शामिल थे, लेकिन बात बिगड़ने पर मामला खूनी अंजाम तक पहुंच गया।
संपत्ति विवाद बना हत्या का कारण
मिली जानकारी के अनुसार चंद्रशेखर साह और उनके बेटों के बीच लंबे समय से जमीन और घर को लेकर विवाद चल रहा था। इस मसले को सुलझाने के लिए गांव में पहले भी दो बार पंचायत हो चुकी थी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। रविवार रात तीसरी बार बुलाई गई पंचायत में माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया। राधाकांत साह के इशारे पर उनके भाई राजकिशोर साह ने अपने पिता पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चंद्रशेखर साह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हत्या के बाद राजकिशोर घटनास्थल से फरार हो गया।
फरार बेटे की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही शिकारपुर थाना पुलिस स्पॉट पर पहुंची और बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, बेतिया भेजा। पुलिस ने राधाकांत साह को गिरफ्तार कर लिया है और फरार आरोपी राजकिशोर साह की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह विवाद लंबे समय से परिवार को तोड़ रहा था, लेकिन किसी ने ऐसी भयावह घटना की कल्पना नहीं की थी।
Also Read : बिहार का यह जू बनेगा देश का चौथा शेर प्रजनन केंद्र